रियासत में हर वर्ष वाहनों की संख्या में बढ़ोतरी होना यातायात पुलिस के लिए सिरदर्द बन गया है। इससे चिंतित होकर विभाग ने मोटर व्हीकल डिपार्टमेंट (एमवीडी) को सुझाव दिया है कि वाहनों का पंजीकरण तभी किया जाए, जब वाहन का मालिक उसकी पार्किंग का सर्टिफिकेट दे।
हालांकि अभी इस पर एमवीड ने कोई निर्णय नहीं लिया, लेकिन आने वाले दिनों में इस पर अहम फैसला हो सकता है। करीब दो साल पहले भी इस व्यवस्था को अपनाने के प्रयास किए गए थे, लेकिन मामला आगे नहीं बढ़ पाया।
चूंकि अब शहर में पार्किंग एक बड़ी समस्या बन चुकी है, तो इसकी जरूरत सभी को महसूस होने लगी है। यातायात पुलिस, नगर निगम और एमवीडी मिलकर इस पर चर्चा करने की कोशिश में हैं। यातायात पुलिस ने नियमों का उल्लंघन करने वालों को जुर्माना भी बढ़ाने की सिफारिश की है।