संवाद न्यूज एजेंसी
अखनूर। कस्बे के राम तलाई बाजार से मस्जिद तक मेन बाजार में वाहनों के गलत तरीके से खड़े होेने से दुकानदार और क्षेत्र के लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। दुकानदारों का व्यापार प्रभावित हो रहा है। दुकानदारों ने प्रशासन से मांग की है कि गलत तरीक़े से खड़े वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
कस्बे के ओल्ड बाजार राम तलाई से हरि मंदिर घाट से मस्जिद तक करीब दो सौ दुकानें हैं। सड़क के दोनों ओर सुबह से शाम तक गलत तरीके से वाहन खडे़ रहते हैं। इस पर अक्सर सुबह से शाम तक जाम लगा रहता है। दुकानोंं के आगे कार और वाहन खडे़ होने पर व्यापार प्रभावित होता है। कई बार दुकानदारों और वाहन चालकों में वाहन खड़ा करने में झड़प भी हो चुकी है।
सुबह से शाम तक खडे़ वाहनों को हटाने के लिए दुकानदारों और लोगों ने प्रशासन और पुलिस से गुहार भी लगा चुके हैं। इसके बावजूद भी गलत तरीके से खड़े वाहनों को हटाया नहीं गया है। स्थानीय दुकानदार प्रपात सिंह ने बताया कि अखनूर शहर में सबसे पुराना बाजार गिना जाता है। मगर बाजार में गलत तरीक़े से खड़े वाहनों से दुकानदारों का व्यापार खत्म होने की कगार पर है। उन्होंने बताया कि बाजार में सुबह से शाम तक वाहन दुकानों के आगे खड़े रहते हैं। कई वाहन रात भर कई दिनों से खडे़ होने के कारण पर दुकानदार और क्षेत्र के लोगों को कई परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
विवेक शर्मा ने बताया कि मेन बाजार में अवैध तरीके से कारें और अन्य वाहन खडे़ होने के कारण बाजार में दिनों दिन व्यापार कम हो रहा है, जिस पर कई बार दुकानों के आगे से वाहन खड़ा नहीं करने पर कहासुनी हो जाती है। ऐसे में प्रशासन को भी समस्या के समाधान के लिए कार्रवाई करनी चाहिए।
सनी महाजन ने बताया कि सुबह से रात भर बाजार में वाहन खडे़ होने पर दुकानदारों और लोगों को कई परेशानियों का सामना करना पड़ता है, जिस पर बाजार में अक्सर जाम लगा रहता है। इस कारण बाजार में व्यापार खत्म होने की कगार पर है। नगर पालिका और प्रशासन को चाहिए कि बाजार की आवाजाही के लिए बाजारों में गलत तरीके से खड़े वाहनों को हटा कर मालिकों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
समय-समय पर गलत तरीके से खडे़ वाहनों को हटाया जाता है। दोबारा पुलिस को सूचित करके वाहनों को हटाया जाएगा।
-संजय सराफ, अध्यक्ष, नगर पालिका