परगवाल। गांव छन्नी सरवाल में पिछले कई महीनों से पेयजल संकट गंभीर रूप ले चुका है। स्थानीय लोगों का कहना है की जलशक्ति विभाग गांव में नियमित रूप से पीने का पानी उपलब्ध कराने में पूरी तरह नाकाम साबित हुआ है। इससे ग्रामीणों को दैनिक जरूरतों के लिए पीने का पानी जुटाने में मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीण मदन लाल टोनी, राहुल सिंह और अजीत सिंह ने बताया कि उनके गांव में हर घर शुद्ध जल के तहत पानी के पाइपें तो बिछा दी गई है लेकिन पानी की सप्लाई बंद है। इस कारण वह हैंडपंप का पानी पीने को मजबूर हैं। उन्होंने बताया कि विभाग के अधिकारियों को कई बार समस्या से अवगत कराया गया लेकिन इसके बावजूद स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द ही जलापूर्ति बहाल नहीं की गई तो वे विभाग के खिलाफ धरना-प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।