संदिग्ध परिस्थितियों में पैरा मेडिकल की एक छात्रा ने रविवार की दोपहर को तवी पुल से कूद कर जान देने का प्रयास किया, लेकिन उसे तवी नदी में छलांग लगाते कुछ लोगों ने देखा और जल्द से आगे बढ़कर छात्रा को बेहोशी की हालत में पानी से बाहर निकाल लिया गया।
उसके होश में नहीं होने के कारण पुलिस अभी ज्यादा कुछ नहीं बता पा रही है। पुलिस के मुताबिक छात्रा के होश में आने के बाद उसके बयान के आधार पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल छात्रा के परिवार वालों को घटना के बारे में सूचना दे दी गई है।
छात्रा चट्ठा स्थित पैरा मेडिकल के इंस्टीट्यूट में फीमेल मल्टीपर्पज का कोर्स कर रही है। पिछले कुछ साल से वह इंस्टीट्यूट के हास्टल में ही रह रही है। बताया जा रहा है कि छात्रा जब फ्लाईओवर से गुजर रही थी तो उसके साथ एक अन्य महिला उसके साथ चल रही थी, तब छात्रा ने महिला को बताया कि वह किसी युवक को लगातार फोन कर रही है, लेकिन युवक फोन नहीं उठा रहा है फिर उसका फोन स्विच आफ आने लगा है।
ऐसे में उसके पास जीने का कोई मकसद नहीं रहा है। इतनी बात बताने के बाद छात्रा ने तवी नदी में छलांग लगा दी। पुलिस का कहना है कि छात्रा ने आत्महत्या का प्रयास किया है। वहीं, बयान दर्ज होने के बाद ही छात्रा के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सकेगी।