जम्मू। नीट की तर्ज पर 1 और 8 नवंबर को विभिन्न जिलों में हो रही पैरा मेडिकल की परीक्षाओं में अगर कोरोना संक्रमण या अन्य किसी कारणों से अस्वस्थ छात्र नहीं बैठ पाते हैं तो उनके लिए अलग से परीक्षा आयोजित की जाएगी। मार्च-अप्रैल 2020 में स्थगित हुई जीएनएम पार्ट 1, जीएनएम पार्ट 2 (लेटरल एंट्री) और एलएचवी की परीक्षाएं होने जा रही हैं। ये परीक्षाएं निर्धारित तिथि को दोपहर 12 से शाम तीन बजे तक होगी। इसमें जम्मू संभाग से करीब ढाई हजार परीक्षार्थी बैठेंगे। इन परीक्षाओं के लिए जिला जम्मू, उधमपुर, कठुआ, राजोरी, पुंछ, डोडा, किश्तवाड़ और रामबन में केंद्र स्थापित किए गए हैं। कोविड महामारी को देखते हुए पहली बार जम्मू के बजाय सभी जिलों में परीक्षाएं आयोजित की जा रही हैं।
जेएंडके पैरा मेडिकल काउंसिल जीएमसी जम्मू के परीक्षा कंट्रोलर डॉ. एएस भाटिया के अनुसार अगर कोई विद्यार्थी कोविड संक्रमित है और परीक्षा में नहीं बैठ पा रहा है तो उसे निर्धारित परीक्षा से पंद्रह दिन के भीतर काउंसिल या संबंधित कॉलेज के प्रिंसिपल के माध्यम से अपनी स्थिति की रिपोर्ट देनी होगी। जिसके बाद ऐसे विद्यार्थियों के लिए दोबारा परीक्षा आयोजित की जाएगी। प्रत्येक केंद्र में कोविड प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन किया जाएगा। इसके लिए उन्हीं केंद्रों को चुना गया है, जहां 3 से 4 हजार छात्रों के बैठने की व्यवस्था है। इसमें परीक्षा केंद्रों पर एक डेस्क को छोड़कर अगले डेस्क पर परीक्षार्थी को बिठाया जाएगा। केंद्रों के बाहर तीन एंट्री गेट स्थापित होंगे, ताकि रोल नंबर के हिसाब से सामाजिक दूरी का पालन करते हुए विद्यार्थी अपनी सीट तक आराम से पहुंच सकें। इससे पहले उनकी केंद्र के बाहर थर्मल स्क्रीनिंग की जाएगी, जिसमें अनफिट विद्यार्थियों को वापस भेजा जाएगा और उनकी परीक्षा बाद में ली जाएगी।
किस जिले के लिए कहां परीक्षा केंद्र
जीएनएम पार्ट 1 (न्यू कोर्स), जीएनएम पार्ट 1 (आईएनसी), जीएनएम लेटरल एंट्री दूसरा वर्ष (न्यू कोर्स), लेडी हेल्थ विजिटर (एलएचवी) के लिए 1 और 8 नवंबर 2020 को हो रही पैरा मेडिकल परीक्षाओं के लिए जिला जम्मू और सांबा के सभी सरकारी व निजी पैरा मेडिकल संस्थानों के लिए स्टेफन्स इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल निहाल पुरा, मीरां साहिब जम्मू, श्री गुरु गोबिंद सिंह जी हायर सेकेंडरी स्कूल कुंजवानी जम्मू में परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए हैं। इसी तरह जिला उधमपुर और रियासी के लिए सरकारी डिग्री कॉलेज बॉयज उधमपुर, जिला कठुआ के लिए सरकारी गर्ल्स हायर सेकेंडरी स्कूल कठुआ, जिला राजोरी के लिए सरकारी गर्ल्स/बॉयज हायर सेकेंडरी स्कूल राजोरी, जिला पुंछ के लिए सरकारी डिग्री कालेज पुंछ, जिला डोडा के लिए सरकारी गर्ल्स हायर सेकेंडरी स्कूल डोडा, जिला किश्तवाड़ के लिए सरकारी बॉयज हायर सेकेंडरी स्कूल किश्तवाड़ और जिला रामबन के लिए सरकारी मॉडल हायर सेकेंडरी स्कूल रामबन में केंद्र स्थापित किए गए हैं।