आरएस पुरा। सीमा सुरक्षा बल की 165 वीं बटालियन की तरफ सीमांत गांव कलोए में चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। इस दौरान विभिन्न पंचायत के लोगों ने पहुंचकर अपने स्वास्थ्य की जांच करवाई। इस दौरान उन्हें निशुल्क दवाइयां भी दीं।
सीमा सुरक्षा बल की 165 वीं बटालियन के कमांडेंट अजय शर्मा ने चिकित्सा शिविर का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं देने के मकसद से सीमा सुरक्षा बल की तरफ से सिविक एक्शन कार्यक्रम के तहत शिविर का आयोजन किया गया है। इसमें स्वास्थ्य विभाग का भी सहयोग लिया गया है।
उन्होंने कहा कि सीमा सुरक्षा बल की तरफ से समय-समय पर इस तरह के चिकित्सा शिविर आयोजित किए जाते हैं, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें। इस मौके पर पूर्व सरपंच ओंकार सिंह ने सीमा सुरक्षा बल का धन्यवाद किया। इस दौरान पूर्व सरपंच जसवीर सिंह, पूर्व सरपंच स्वर्ण लाल सहित कई ग्रामीण मौजूद थे। संवाद