पूर्व मुख्य सचिव ब्रज राज शर्मा को चुनाव आयुक्त नियुक्त करते ही जम्मू-कश्मीर में पंचायती चुनाव की सुगबुगाहट शुरू हो गई है। पंचायती संस्थाओं का कार्यकाल दिसंबर 2023 में पूरा हो रहा है।
उप राज्यपाल मनोज सिन्हा ने पूर्व मुख्य सचिव ब्रज राज शर्मा को जम्मू-कश्मीर का चुनाव आयुक्त (एसईसी) नियुक्त किया है। सामान्य प्रशासनिक विभाग के आयुक्त सचिव संजीव वर्मा की ओर से जारी आदेश के अनुसार, एसईसी की नियुक्ति उनके कार्यभार संभालने के दिन से प्रभावी होगी और वह 65 वर्ष तक कार्यभार संभाल सकते हैं।
विज्ञापन
इसके साथ जम्मू-कश्मीर में आगामी पंचायती चुनाव की सुगबुगाहट शुरू हो गई है। पंचायती संस्थाओं का कार्यकाल दिसंबर 2023 में पूरा हो रहा है। जम्मू-कश्मीर पंचायती राज अधिनियम, 1989 की धारा 36 की उपधारा (3) के प्रावधान में विशेष शक्तियों का प्रयोग करते हुए उप राज्यपाल ने बीआर शर्मा की नियुक्ति की है।
आदेश में आगे कहा गया है कि शर्मा की नियुक्ति के नियम और शर्तें सरकार द्वारा बाद में अधिसूचित की जाएंगी। केके शर्मा का कार्यकाल पूरा होने के बाद 1 फरवरी से एसईसी का पद खाली चल रहा है।