सीमा पर मिठाईयों का आदान प्रदान करते सुरक्षाबल
- फोटो : अमर उजाला
पाकिस्तान के स्वतंत्रता दिवस पर आरएस पुरा और परगवाल सेक्टर में बीएसएफ और पाकिस्तानी रेंजर्स में मुलाकात हुई, जिसमें पाकिस्तानी रेंजर्स को मिठाइयां भेंट कर मुबारकबाद दी। इस दौरान रेंजर्स ने भी मिठाई भेंट कर दोनों देशों के बीच शांति बनाए रखने का भरोसा दिलाया।
जानकारी के अनुसार आरएस पुरा सेक्टर में जीरो लाइन पर बीएसएफ की 78वीं वाहिनी के कंपनी कमांडर अमोद सहित तीन अन्य अधिकारियों ने पाकिस्तान के 72वें स्वतंत्रता दिवस पर चिनाब रेंजर्स अधिकारी डीएसआर मुजमिल सहित अन्य चार अधिकारियों की मौजूदगी में मिठाइयों का आदान-प्रदान किया।
उधर, परगवाल सेक्टर की निकोवाल पोस्ट पर पाकिस्तान की ओर से 21 चिनाब रेंजर्स और बीएसएफ की 92 वीं वाहिनी के बीच मिठाइयों को आदान-प्रदान कर एक-दूसरे को मुबारकबाद दी। इस मुलाकात में पाकिस्तान की ओर से डीएसआर समेत सात रेंजर्स और बीएसएफ की तरफ से असिस्टेंट कमांडेंट सहित आठ जवान शामिल रहे।