सूत्रों के अनुसार, युवती ने शाम करीब साढ़े छह बजे भारतीय क्षेत्र में घुसने का प्रयास किया। सीमा पर तैनात सतर्क जवानों ने उसके प्रयास को समय रहते नाकाम कर उसे हिरासत में ले लिया। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, हिरासत में ली गई युवती की पहचान सामिया अजीम (17) पुत्री मोहम्मद अजीम निवासी खुईरेट्टा, पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) के रूप में हुई है।
सूत्रों ने बताया कि हिरासत में लिए जाने के बाद सुरक्षा एजेंसियां युवती से पूछताछ कर रही हैं। जांच का मुख्य उद्देश्य यह पता लगाना है कि उसने एलओसी पार कर भारतीय क्षेत्र में प्रवेश करने का प्रयास क्यों किया और इसके पीछे कोई विशेष कारण या उद्देश्य था या नहीं। एजेंसियां उसकी पहचान, सीमा पार करने के प्रयास और भारत आने के संभावित कारणों समेत अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही हैं।
कानूनी प्रक्रिया के तहत होगी आगे की कार्रवाई
युवती की उम्र 17 वर्ष बताई जा रही है। ऐसे में उसके मामले में नाबालिगों से संबंधित लागू कानूनी प्रावधानों और निर्धारित प्रक्रियाओं के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने फिलहाल घुसपैठ के प्रयास के पीछे किसी विशेष उद्देश्य की पुष्टि नहीं की है। जांच और पूछताछ पूरी होने के बाद ही मामले में और जानकारी सामने आने की संभावना है।