जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले के नौशेरा में पाकिस्तान की तरफ से नियंत्रण रेखा पार कर भारतीय क्षेत्र में दाखिल हुए एक घुसपैठिए की रविवार देर रात सेर गांव में करंट लगने से मौत हो गई। पुलिस ने उसके पास से 500 के पांच पाकिस्तानी नोट, सिगरेट, एक लाइटर, मोबाइल फोन व डायरी बरामद की है।
सेर गांव के लोगों ने बताया कि रविवार देर रात पाक अधिकृत कश्मीर से एक घुसपैठिया एलओसी पार कर उनके गांव में दाखिल हुआ। गांव में घुसने के दौरान रास्ते में करंट लगने से उसकी मौत हो गई। उन्होंने कहा कि कई माह से उनके गांव में मवेशी चोरी हो रहे थे, जिनके बारे में उन्हें कुछ पता नहीं चल रहा था। ग्रामीणों ने आशंका जताई कि घुसपैठिया उनके मवेशी चुराने आया होगा, जिसकी अंधेरे में बिजली का तार छू जाने से मौत हो गई। उन्होंने कहा कि अब तक उनके आधा दर्जन से ज्यादा मवेशी चोरी हो चुके हैं।
गांव वाले बोले, आता था मवेशी चोरी करने
मवेशियों की चोरी को ग्रामीण घुसपैठिए से जोड़ कर देख रहे हैं। सुबह जब ग्रामीणों ने घुसपैठिए का शव देखा तो उन्होंने इसकी जानकारी सेना व पुलिस को दी। भवानी चौकी इंचार्ज आशीष चौधरी ने बताया कि ग्रामीणों की सूचना के बाद पुलिस टीम गांव पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए उपजिला अस्पताल पहुंचाया। मृत व्यक्ति के पास से उसकी पहचान का कोई प्रमाण नहीं मिला है, लेकिन आशंका जताई जा रही है कि वह पीआके का है। पुलिस इस बारे में और जानकारी जुटा रही है।