राज्य में एलओसी पर अत्याधुनिक रडार
जम्मू-कश्मीर में अंतरराष्ट्रीय सीमा से लेकर एलओसी पर अत्याधुनिक रडार लगे हैं, जो हवाई निगरानी करते हैं। इसके अलावा घुसपैठ की आशंका के चलते सीमा सुरक्षा बल, सेना व अन्य सुरक्षा एजेंसियां सतर्क रहती हैं।
स्थानीय लोग भी संदिग्ध आहट पर तत्काल सूचित करते हैं। इस सब के बावजूद ड्रोन से हथियारों की सप्लाई की संभावना को चूंकि पूरी तरह से खारिज नहीं किया जा सकता। लिहाजा सुरक्षा एजेंसियों को हवाई निगरानी के लिए खास तौर पर अलर्ट रहने को कहा गया है।
कठुआ सीमा से घुसपैठ की फिराक में आतंकी
भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा पर पिछले कई महीनों से सीजफायर उल्लंघन के पीछे पाकिस्तान की ओर से घुसपैठ कराने की मंशा है। कठुआ जिले के हीरानगर सेक्टर के ठीक सामने पाकिस्तान के तीन लॉंचिंग पैड में संदिग्ध मूवमेंट देखी गई है। पाकिस्तान के सुखमल, अभ्याल डोगरा और मंसूर बड़ा भाई के लॉंचिंग पैड में सुरक्षा एजेंसियों ने करीब दस आंतकियों को घुसपैठ की तैयारी करते देखा है।
इनमें से सुखमल में पांच से छह जबकि अभ्याल डोगरा लॉंचिंग पैड पर तीन से चार आतंकियों की मूवमेंट देखी गई है। मंसूर बड़ा भाई लॉंचिंग पैड के पास पाकिस्तानी का एक रेलवे स्टेशन भी है, जिस पर सुरक्षा एजेंसियों की नजर बनी हुई है।