सर्जिकल स्ट्राइक और पाक रेंजर्स की नापाक हरकतों के जबरदस्त पलटवार के कारण बौखलाया पाकिस्तान लगातार सीजफायर उल्लंघन कर रहा है। मिली सूचना के मुताबिक पुंछ के कृष्णा घाटी सेक्टर में पाकिस्तान की ओर से भारी गोलाबारी की जा रही है।
पाकिस्तान की ओर से मोर्टार भी दागे गए हैं, जिसका भारतीय सेना के जवानों ने मुंहतोड़ जवाब दिया है। पाकिस्तान की ओर से हो रही इस गोलाबारी में सीमा से सटे रिहाइशी इलाकों में कुछ मोर्टार दागे जाने की भी खबरें हैं, हालांकि अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है।
पाक की ओर से हो रही ये फायरिंग अब भी जारी है। मिली सूचना के अनुसार इस गोलाबारी में किसी के हताहत होने की जानकारी नहीं मिली है। रविवार को भी कृष्णा घाटी सेक्टर में पाक की ओर से गोलाबारी की गई थी। इस गोलाबारी में पाकिस्तान से लोहा लेते हुए भारत के दो जवान शहीद हो गए थे। सर्जिकल स्ट्राइक के बाद से पाकिस्तान 100 से ज्यादा बार सीजफायर का उल्लंघन करते हुए गोलाबारी कर चुका है।