पाकिस्तान ने रामगढ़ सेक्टर में फिर सीजफायर का उल्लंघन किया। सोमवार रात करीब साढ़े नौ बजे पाकिस्तान ने बीएसएफ की माजरा पोस्ट पर गोलाबारी की। बीएसएफ ने इसका करारा जवाब दिया। पाकिस्तानी रेंजरों ने यह गोलाबारी टीपू पोस्ट से की है।
देर रात पौने 12 बजे तक रुक रुक कर गोलाबारी जारी रही। हालांकि, इसमें किसी नुकसान की कोई खबर नहीं है। गौरतलब है कि रविवार को पाक रेंजरों ने खोड़ा पोस्ट पर बंकर की सफाई कर रहे जवानों पर गोलाबारी की थी। इसका भी भारतीय सुरक्षा बलों ने मुंहतोड़ जवाब दिया था।
रामगढ़ सेक्टर की अग्रिम पोस्ट चमलियाल पर बीएसएफ और पाकिस्तानी अधिकारियों की फ्लैग मीटिंग में पाक ने एक बार फिर अपनी करतूत से साफ इनकार किया है। बीएसएफ की 200वीं वाहिनी की ओर से कमांडिंग अधिकारी सुखदेव राज और पाक की ओर से 12 चिनाब रेंजर के विंग कमांडर मोहम्मद अली मीटिंग ने की अगुवाई की।
बीएसएफ के अधिकारियों ने सोमवार रात हुई गोलीबारी का मुद्दा उठाया तो पाकिस्तानी अधिकारियों ने इससे साफ इनकार कर दिया। दोपहर बारह से एक बजे तक चली मीटिंग में सीमा पर उगे सरकंडों की सफाई पर भी बात हुई।