श्रीनगर के नाटीपोरा इलाके के रहने वाले दो युवा अपने-अपने घरों से लापता हो गए हैं। जानकारी के अनुसार नाटीपोरा का इरफान अहमद सोफी पुत्र नज़ीर अहमद सोफी और बिलाल मंजूर भट पुत्र मंजूर अहमद भट 14 दिसंबर से अपने घर से लापता हैं।
पारिवारिक सूत्रों ने बताया कि बिलाल की हाल ही में सगाई हुई थी और वो क्रॉकरी डीलर था जबकि इरफान एक ऑटो चालक। उन्होंने यह भी बताया कि उनके बच्चे गत सोमवार से लापता है और उनका कोई आता पता नहीं चल पाया है। उन्होंने पुलिस स्टेशन छानपोरा में लापता होने की रिपोर्ट भी दर्ज कारवाई है।
इस बीच एक ऑडियो वायरल हुआ है जोकि इरफान का बताया जा रहा है। जिसमें वह अपने माता-पिता और रिश्तेदारों से कह रहा है कि मुझे न ढूंढें। मैं आतंकवाद में शामिल हो चुका हूं। हमारी लड़ाई जम्मू-कश्मीर पुलिस के साथ है। मैंने परवेज़ का वीडियो देखा जिसमें उसने कहा कि आतंकी उसे मारने आए थे लेकिन वो गलत है। हम उसके पीएसओ को मारने गए थे। एक पीएसओ मिला उसे मार दिया। अगर परवेज़ को मारना होता तो वह बाएं हाथ का खेल था।