शंघाई को-ऑपरेशन ऑर्गनाइजेशन (SCO) की मीटिंग में हिस्सा लेने के दौरान पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ से हुई पीएम नरेंद्र मोदी की अनौपचारिक मुलाकात के बाद भारत ने पाक के 11 कैदियों को रिहा करने का निर्णय लिया है।
एक तरफ भारत जहां दरियादिली दिखा रहा है वहीं पाकिस्तान अपनी नापाक हरकतों से बाज नहीं आ रहा है। सोमवार की सुबह लगभग 6 बज कर 20 मिनट पर पाकिस्तान ने एक बार फिर सीजफायर का उल्लंघन किया। पाकिस्तान की ओर से पुंछ के मनकोट और कृष्णा घाटी सेक्टर में लगातार गोलाबारी की जा रही है।
पाक की ओर से पुंछ में हुई गोलाबारी के बाद भारतीय सेना की 22 सिख और 20 कुमाऊं रेजीमेंट के जवानों द्वारा मुंहतोड़ जवाबी कार्रवाई की गई है। इसके साथ ही सुबह 8.15 बजे से ही पाक द्वारा नौशेरा के लाम सेक्टर में भी एलओसी से सटे इलाके में गोलाबारी की गई है।
सैन्य प्रवक्ता लेफ्टिनेंट कर्नल मनीष मेहता के अनुसार 1 जून के बाद से ये पाक सेना द्वारा नौवीं बार सीजफायर का उल्लंघन किया गया जबकि पिछले 72 घंटों में ये छठवीं बार पाक से संघर्षविराम तोड़ा है।