पाकिस्तान ने वीरवार रात एक बार फिर अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर सीज फायर का उल्लंघन किया। पाकिस्तानी रेंजरों ने अरनिया सेक्टर में भारतीय चौकियों को निशाना बनाकर गोलाबारी की। बीएसएफ की ओर से भी इसका मुंहतोड़ जवाब दिया गया। करीब आधे घंटे तक दोनों ओर से गोलाबारी हुई। इसमें किसी तरह के जानमाल के नुकसान की सूचना नहीं है।
एक बार फिर सीमा पार से गोलाबारी होने के चलते सीमांत ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों को इस बात का डर सताने लगा है कि उन्हें फिर से अपने घरों को छोड़कर पलायन करने पर मजबूर होना पड़ सकता है। उल्लेखनीय है कि कुछ दिन पहले ही सीमा पार से गोलाबारी होने के चलते कठुआ और सांबा सेक्टर में करीब 20 हजार लोगों को घरों से सुरक्षित स्थानों पर पलायन करना पड़ा था।
इनमें से अभी भी अधिकतर ग्रामीण गोलाबारी की दहशत में घरों को नहीं लौटे हैं। बीएसएफ के उच्च पदस्थ सूत्रों के मुताबिक वीरवार देर रात पाकिस्तानी रेंजरों की ओर से न्यू आवाम पोस्ट से बीएसएफ की स्टाप टू पोस्ट को निशाना बनाकर गोलाबारी की गई। पाकिस्तानी रेंजरों की गोलाबारी का बीएसएफ के जवानों ने भी मुंहतोड़ जवाब दिया। इसके चलते करीब आधे घंटे बाद सीमा पार से गोलाबारी बंद हो गई।
बताया जाता है कि इसके कुछ ही देर बाद पाकिस्तानी रेंजरों द्वारा एक बार कुछ राउंड फायरिंग की गई। हालांकि, इस बार बीएसएफ के जवानों द्वारा संयम बरता गया और जवाबी कार्रवाई नहीं की गई। बीएसएफ के अफसरों ने फायरिंग की आड़ में घुसपैठ की आशंका को खारिज किया है।