जम्मू-कश्मीर के नौशेरा सेक्टर में पाकिस्तान ने मंगलवार शाम गोलाबारी शुरू कर दी। भारी गोलाबारी के बीच लोगों को मजबूर होकर घरों और बंकरों में छिपना पड़ रहा है।
राजौरी जिले के नौशेरा सेक्टर में मंगलवार शाम 5:50 पर पाक ने गोलाबारी शुरू कर दी। भारतीय सेना भी पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब दे रही है।
सीमा से सटे गांव में बोले लोग, मतदान से देंगे पाकिस्तानी गोलाबारी का जवाब
राजोरी जिले के नियंत्रण रेखा से सटे इलाकों के लोग मतदान कर पाकिस्तानी गोलाबारी का मुंहतोड़ जवाब देने को तैयार हैं। उनका मानना है कि एक देश में मजबूत सरकार होने के बाद उनके गांवों की स्थिति सुधरेगी और पाकिस्तान को उसी की भाषा में जवाब दिया जाएगा। लोकतंत्र के इस पर्व में नौशेरा सेक्टर के डींग, कलाल, कलसियां, बाबा खोड़ी, मनक्का व शेर मकड़ी आदि गांवों के लोग शामिल होने शुरू हो गए हैं।
डींग के सरपंच रमेश चौधरी ने बताया कि नियंत्रण रेखा के लोग सीमापार से हो रही गोलाबारी से तंग आ चुके हैं। वह चाहते हैं कि मतदान कर ऐसी स्थायी सरकार चुनी जाए जो कि पाकिस्तान की गोलबारी से जमकर जवाब दे सके। उन्होंने बताया कि लगातार गोलाबारी के कारण जबजीवन प्रभावित होने से बेरोजगारी बढ़ रही है। लोगों को बच्चों के भविष्य की चिंता सता रही है।
कलाल निवासी सुनीता शर्मा के मुताबिक इस बार नियंत्रण रेखा से सटे लोग वोट डाल कर ऐसी सरकार चुनेंगे जो कि बच्चों के भविष्य के लिए कदम उठाए और पाकिस्तान को कड़ा सबक सिखाए। जिससे सभी गांवों में शांति बनी रहे। कलसियां निवासी कुलदीप राज ने बताया कि मतदान की तारीख नजदीक आते ही लोगों में लगातार हलचल बढ़ रही है।