इससे पहले शुक्रवार को भी सीमा पार से इसी इलाके पर गोले दागे गए थे। देर शाम गांव कस्बा में एक मकान में आग लग गई और वह राख हो गया। जबकि गांव डोकरी में छह मकान क्षतिग्रस्त हो गए। गोलाबारी में कोई ग्रामीण घायल नहीं हुआ।
पाकिस्तान की ओर से एलओसी पर पिछले कुछ दिनों से पुंछ, राजोरी के साथ ही कुपवाड़ा और बारामुला जिले में सीजफायर का उल्लंघन किया जा रहा है। इसकी आड़ में घुसपैठ की कोशिशें भी की गईं। हालांकि, सेना के सतर्क जवानों ने इसे नाकाम कर दिया।
पिछले कुछ दिनों से पाकिस्तान की ओर से पीओके की नीलम घाटी से आतंकियों को धकेलने की कोशिशें हो रही हैं। इसके लिए सीजफायर उल्लंघन कर आतंकियों को सीमा पार भेजने की लगातार कोशिशें की जा रही हैं।
सर्दियों में भी सक्रिय रहे लांचिंग पैड
ज्ञात हो कि इस बार भीषण सर्दियों में भी पीओके में लांचिंग पैड पूरी तरह सक्रिय रहे। खुद डीजीपी दिलबाग सिंह ने भी पिछले दिनों प्रेस कांफ्रेंस में यह कहा था कि लांचिंग पैड पर आतंकी घुसपैठ की फिराक में तैयार बैठे हैं।