सूत्रों ने बताया कि पाकिस्तान उन इलाकों में ज्यादा बारूदी सुरंगें बिछा रहा है जहां से भारत की पहुंच आसान है और भारतीय सीमा से पीओके की दूरी काफी कम है। ऐसे इलाके भी चिह्नित किए गए हैं जहां से वाहनों का आना-जाना आसान हो।
इसमें राजोरी, पुंछ, बारामुला, बांदीपोरा व कुपवाड़ा जिले के उस पार के इलाके शामिल हैं। पाकिस्तान इन इलाकों में गश्त के दौरान अपने सैनिकों को एंटी माइन शू उपलब्ध कराएगा ताकि किसी प्रकार का जानी नुकसान कम हो सके। पाकिस्तान की ओर से बिछाई गई बारूदी सुरंगों में पीओके में कई लोगों की जान भी जा चुकी है।
सूत्रों के अनुसार, इधर बीच कई ऐसे घटनाक्रम हुए हैं जिससे पाकिस्तान बुरी तरह घबराया हुआ है। भारत की ओर से गिलगित-बाल्टिस्तान का मौसम जारी करने, हंदवाड़ा में कर्नल के शहीद होने और बलूचिस्तान में विरोध के स्वर तेज होने से वह अपने को घिरा महसूस कर रहा है।
हंदवाड़ा मुठभेड़ में इसी महीने सेना के कर्नल के शहीद होने के बाद भारत की ओर से जवाबी कार्रवाई के भय से पाकिस्तान ने अपनी सीमा में हवाई गश्त भी तेज कर दी है। एलओसी पर पाकिस्तानी विमानों की आवाजाही बढ़ने को सेना ने पिछले दिनों नोटिस किया था।