पाकिस्तान ने एलओसी व आईबी पर नापाक हरकतें जारी रखते हुए गोलाबारी। रविवार को संघर्ष विराम का उल्लंघन कर सुरक्षा बलों की पोस्ट के साथ ही रिहायशी इलाकों में भी निशाना बनाया गया। सेना और सीमा सुरक्षा बल ने पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब दिया है।
पुंछ में नियंत्रण रेखा पर पाकिस्तान ने रविवार सुबह दिगवार, कस्बा और शाहपुर में मोर्टार का इस्तेमाल किया। सेना की जवाबी कार्रवाई से दिगवार में 20 मिनट और शाहपुर व कस्बा में एक घंटे बाद पाकिस्तान की गोलाबारी थम गई। पाकिस्तानी सेना ने रविवार सुबह करीब 4:30 बजे दिगवार क्षेत्र में मोर्टार दागने शुरू कर दिए।
करीब साढ़े दस बजे पाकिस्तानी सेना ने नियंत्रण रेखा पर शाहपुर और कस्बा क्षेत्र में सेना की चौकियों के साथ ही रिहाइशी इलाकों को निशाना बना कर मोर्टार से गोलाबारी की। गोलाबारी से शाहपुर और कस्बा क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया। रविवार को छुट्टी का दिन होने के कारण जहां अधिकतर लोग अपने घरों के बाहर धूप सेंक रहे थे या खेतों में काम कर रहे थे, गोलाबारी शुरू होते ही सुरक्षित स्थानों पर चले गए।