अंतरराष्ट्रीय सीमा (आईबी) पर सोमवार की देर रात अरनिया सेक्टर में पाकिस्तान ने सीजफायर का उल्लंघन करते हुए गोलाबारी की। बीएसएफ ने भी इसका जवाब दिया। हालांकि, इसमें किसी प्रकार के नुकसान की सूचना नहीं है। इससे पहले रविवार की रात रामगढ़ सेक्टर में संदिग्ध हलचल के बाद बीएसएफ ने फायरिंग की थी। पाकिस्तान के नापाक इरादे को भांपते हुए आईबी पर रविवार से सतर्कता और बढ़ा दी गई है।
पाकिस्तानी रेंजरों ने सोमवार की रात लगभग 10 बजे अरनिया में पित्तल पोस्ट पर फायरिंग की। छोटे हथियारों से पोस्ट पर कई राउंड फायरिंग की गई। इसका पोस्ट पर तैनात जवानों ने भी जवाब दिया। देर रात को की गई फायरिंग से क्षेत्र के लोग काफी दहशत में आ गए। माना जा रहा है कि सीमा पार कोई संदिग्ध हरकत हुई है। आशंका जताई जा रही है कि घुसपैठ के लिए पाकिस्तानी रेंजरों की ओर से कवर फायर किया गया है।
सुरक्षा एजेंसियों को इनपुट मिले हैं कि आईबी पर लॉन्चिंग पैड पर जैश-ए-मोहम्मद के आतंकी घुसपैठ की फिराक में हैं। आतंकियों के एक दल को सीमा के करीब देखा गया है। इसमें 4-5 आतंकी शामिल हैं और यह पाकिस्तान के शकरगढ़ में डेरा डाले हुए हैं। आशंका जताई जा रही है कि आतंकियों की ओर से गणतंत्र दिवस पर किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की साजिश रची गई है। इसी के मद्देनजर जैश के आतंकियों को घुसपैठ करने के लिए लांचिंग पैड पर तैयार रखा गया है।