सैन्य प्रवक्ता के अनुसार पलांवाला-सुंदरबनी सेक्टर के केरी बट्टल इलाके में सोमवार शाम को संदिग्ध हलचल देखी गई। सतर्क जवानों ने ध्यान से देखा तो आतंकियों का एक ग्रुप घुसपैठ की कोशिश कर रहा था। जवानों ने उन्हें ललकारा।
इस बीच आतंकियों को सीमा पार धकेलने के लिए पाकिस्तान की ओर से अग्रिम चौकियों को निशाना बनाकर भारी गोलाबारी की गई। इससे पहले जोरदार धमाका हुआ और फिर गोलाबारी शुरू की गई। इसमें एक जवान शहीद हो गया। हालांकि, सूत्रों का कहना है कि पाकिस्तान की ओर से बैट हमला किया गया था, जिसमें जवान शहीद हुआ है।
पाकिस्तानी सेना ने सोमवार को मेंढर सब डिवीजन में नियंत्रण रेखा पर कृष्णा घाटी, मनकोट सेक्टर में संघर्ष विराम का उल्लंघन किया। सेना की चौकियों के साथ ही रिहायशी इलाकों को निशाना बना कर मोर्टार बरसाए। सेना की तरफ से की गई कार्रवाई में नियंत्रण रेखा के उस पार स्थित दराशेर खान क्षेत्र में दो पाकिस्तानी सैनिक मारे गए। चार अन्य गंभीर रूप से घायल हैं।
सैन्य प्रवक्ता के अनुसार सोमवार की सुबह करीब पौने दस बजे पाकिस्तानी सेना ने मेंढर सब डिवीजन के कृष्णा घाटी सेक्टर की मनकोट तहसील के दबराज, नाड़मनकोट, चोई मनकोट, बलनोई आदि क्षेत्रों में सेना की चौकियों के साथ ही रिहायशी इलाकों को निशाना बना कर मोर्टार दागने शुरू कर दिए।