जम्मू-कश्मीर के पुंछ नियंत्रण रेखा पर खड़ी करमाड़ा व गुलपुर सेक्टर में पाकिस्तानी सेना ने मंगलवार को सीजफायर का उल्लंघन कर भारतीय चौकियों और रिहायशी इलाकों को निशाना बनाया। इसका जवानों ने माकूल जवाब दिया। देर शाम तक पाकिस्तान की ओर से गोलाबारी जारी रही। इसमें छोटे एवं बड़े हथियारों का इस्तेमाल किया गया। क्षेत्र में दहशत का माहौल है। कुछ लोगों ने सुरक्षित स्थानों पर पनाह ले ली है।
मंगलवार सुबह करीब पांच बजे पाकिस्तानी सेना की 14 बलोच रेजीमेंट ने खड़ी करमाड़ा सेक्टर में भारतीय सैन्य चौकियों व रिहायशी इलाकों को निशाना बना कर भारी गोलाबारी शुरू कर दी। इस दौरान छोटे-बड़े हथियारों का प्रयोग किया जा रहा है, जिसका 15 मराठालाई के जवानों ने मुंहतोड़ जवाब दिया। इस दौरान किसी प्रकार के नुकसान की सूचना नहीं है।
एक सप्ताह में पांचवीं बार की गोलाबारी
एक सप्ताह में मंगलवार को पाकिस्तान ने पांचवीं बार सीजफायर का उल्लंघन किया। शनिवार को पाकिस्तान ने मनकोट, खड़ी करमाड़ा व गुलपुर में गोले बरसाए थे। इससे पहले मंगलवार, बुधवार व वीरवार को गोलाबारी की थी। वर्ष 2018 में पिछले 15 साल में सबसे अधिक सीजफायर उल्लंघन की घटनाएं हुई थीं। इस दौरान 2936 बार पाकिस्तान ने सीजफायर उल्लंघन किया था।