पाकिस्तान ने शाम करीब साढ़े छह बजे पासवान पोस्ट से भारत की टेंटगार्ड पोस्ट को निशाना बनाते हुए गोलाबारी की। छह राउंड फायर होने के बाद गोलाबारी थम गई। बीएसएफ इसे उकसावे की रणनीति मान रही है। सरहद पार से गोलाबारी शुरू होते ही जवानों ने मोर्चा संभाल लिया।
सीमा पार की नापाक हरकत से एक बार फिर सीमावर्ती ग्रामीण दहशत में आ गए हैं। पांच दिन पहले भी पाक रेंजरों ने इसी पोस्ट से रात के समय भारत की अग्रिम पोस्ट को निशाना बनाकर दो फायर किए थे। वहीं, कठुआ सेक्टर में सीमा पर संदिग्ध हलचल बढ़ गई है।
शुक्रवार तड़के सुबह तीन से चार बजे बीएसएफ के जवानों ने चोर गली इलाके में हलचल दर्ज की। जवानों ने एहतियातन हवा में दो बार पैरा बम दागे, लेकिन संदिग्धों का सुराग नहीं लग पाया। हालांकि, पैरा बम दागने के बारे में आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है। खुफिया सूत्रों के अनुसार पिछले कुछ दिनों से लोंडी से लेकर बोबिया तक के इलाके में सरहद पार संदिग्ध हलचल देखी जा रही है।