जम्मू कश्मीर के पुंछ में नियंत्रण रेखा पर संघर्ष विराम का उल्लंघन हुआ है। बीती रात पुंछ के दिगवार इलाके में संघर्ष विराम का उल्लंघन होने की खबर मिली है। सीजफायर का जवानों ने जवाब दिया। इलाके में तलाशी अभियान चल रहा है।
क्या होता है सीजफायर?
सीजफायर को युद्धविराम भी कहा जाता है। ये किसी भी युद्ध को स्थाई या अस्थाई तौर पर रोकने का एक जरिया है। इसके तहत दोनों पक्ष सीमा पर किसी भी तरह की आक्रामक कार्रवाई नहीं करने का वादा करते हैं। इसे दोनों देशों को बीच हुई औपचारिक संधि माना जा सकता है। हालांकि, सीजफायर के लिए औपचारिक संधि जरूरी नहीं है। कई बार दोनों देश आपसी सहमति से भी यह फैसला ले लेते हैं। अगर इस समझौते के बाद भी कोई एक पक्ष सीमा पर आक्रमक कार्रवाई करता है तो उसे सीजफायर का उल्लंघन कहा जाता है।
भारत-पाक में कब शुरू हुआ सीजफायर?
आजादी के बाद साल 1947 में भारत और पाकिस्तान में कश्मीर के लिए युद्ध हुआ। इसे शांत कराने के लिए संयुक्त राष्ट्र को बीच में आना पड़ा था। इसके चलते साल 1949 में भारत और पाकिस्तान ने आपसी सहमति से जम्मू-कश्मीर पर एक सीजफायर लाइन स्थापित की। इसके बाद संयुक्त राष्ट्र ने एक पत्र जारी किया जिसमें लिखा था कि ये सीजफायर भारत और पाकिस्तान के बीच दुश्मनी दूर करने का प्रतीक है। इसके बाद दोनों देशों के सैन्य प्रमुखों के बीच बैठक हुई, जिसमें सीजफायर लाइन पर सहमती जताई गई।
ये भी पढ़ें: Amit Shah Jammu Visit : सियासी तनातनी के बीच गृहमंत्री शाह जम्मू में, कहा- आतंकवाद को कुचलने की रणनीति तैयार