बारिश के चलते खेतो में गिरी धान की फसल
- फोटो : RSPURA
सांबा। वीरवार की सुबह से जारी बारिश और ओलावृष्टि से बासमती धान की फसल को नुकसान पहुंचा है। किसानों के अनुसार पहले से ही धान की फसल नष्ट हो चुकी है। अब रही सही कसर ओलावृष्टि ने निकाल दी है।
किसान यशपाल, बंसी लाल, सतपाल आदि ने बताया कि किसानों को हमेशा से कुदरती आपदाओं का सामना करना पड़ता है। अब धान की फसल पककर तैयार है। बारिश और ओलावृष्टि ने बासमती फसल को नष्ट कर दिया है। उनके अनुसार गत दिनों भी बारिश और तेज हवा के कारण बासमती की फसल जमीन पर ही लेट चुकी है। अब बाकी कसर ओले ने निकाल दी। सुबह से जारी बारिश शाम तक जारी रही, जिससे किसान भी मायूस रहे।
बारिश से कस्बे की नालियों की गंदगी बाजारों में पहुंच गई, जिससे लोगों को आने-जाने में काफी परेशानी हुई। कस्बे के बाजार गंदगी से भरे नजर आए। राहगीरों के अनुसार की म्यूनिसिपल कमेटी की ओर से कस्बे के बाजारों की नालियों की साफ-सफाई भी सुचारु नहीं हो पा रही है। नालियां गंदगी से भरी रहती है। इसको लेकर आम लोगों के साथ दुकानदारों को भी परेशानी बनी रहती है। लोगों ने मांग उठाई है कि कस्बे में साफ सफाई को सुचारु बनाया जाए। अन्यथा म्यूनिसिपल कमेटी के खिलाफ प्रदर्शन किया जाएगा। ब्यूरो