कश्मीर घाटी के करीब करीब सभी हिस्सों में पिछले दो सप्ताह से गर्मी जारी है। पारा लगातार 30 डिग्री सेल्सियस से ऊपर चल रहा है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के भीतर हलकी बारिश की संभावना जताई है।
श्रीनगर शहर समेत कश्मीर संभाग में लगातार गर्मी से लोग परेशान हो रहे हैं। पारा लगातार आसमान छू रहा है जिससे स्थानीय लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं शुक्रवार को भी श्रीनगर में काफी गर्मी महसूस की गई। हालांकि धूप तेज नहीं थी लेकिन उमस के कारण गर्मी महसूस की गई।
तापमान की अगर बात करें तो श्रीनगर का अधिकतम तापमान 31.3 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम तापमान 18.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग ने बताया कि अगले 24 घंटे के भीतर घाटी में हलकी बूंदाबांदी हो सकती है।