उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा जिले की एलओसी के करीब मनिगाह गांव में शनिवार की सुबह एक बार फिर से इलाके में छुपे आतंकियों के खिलाफ अभियान छेड़ा गया।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार ऑपरेशन को शुक्रवार को अंधेरा हो जाने के चलते रात में स्थगित किया गया था, जिसके बाद शनिवार की सुबह से इसे दोबारा शुरू किया गया।
जानकारी के अनुसार अभी भी इलाके में दो से तीन आतंकियों के छुपे होने की आशंका है। इस आपरेशन को सेना की 41 राष्ट्रीय राइफल्स (आरआर), 4 पैरा और जम्मू-कश्मीर पुलिस के स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) द्वारा अंजाम दिया जा रहा है।
इस आपरेशन में अभी तक सिर्फ एक आतंकी को ढेर करने में सुरक्षा बलों को सफलता प्राप्त हुई है, जबकि इस आपरेशन के दौरान सेना के दो जवान भी घायल हुए हैं।
गौरतलब है कि जिले में शुक्र्रवार दोपहर को लश्कर-ए-तोएबा के आतंकियों के दल के बीच सुरक्षा बलों की भीषण मुठभेड़ उस समय शुरू हुई, जब 41 राष्ट्रीय राइफल्स के जवानों द्वारा सूचना के आधार पर जिले की एलओसी के करीब मनिगाह गांव का घेराव किया और आतंकियों की तलाश शुरू की।
जवानों द्वारा घेरा और तलाशी अभियान तेज किया गया और संदिग्ध स्थान की ओर चेतावनी के तौर पर कई गोलियां चलाईं गईं तो वहां इलाके में छिपे तीन से चार आतंकियों द्वारा जवानों पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाई गईं, जिसके बाद भीषण मुठभेड़ शुरू हुई। फिलहाल आखिरी खबर मिलने तक यह आपरेशन जारी था।