कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर तेज होने के बाद तीन मई से जम्मू संभाग के सबसे बड़े अस्पताल जीएमसी जम्मू समेत इससे जुड़े एसोसिएटेड अस्पतालों में ओपीडी सेवा व रूटीन सर्जरी बंद हैं। हालांकि, डॉक्टरों से मोबाइल नंबर व टेलिफोन पर मरीज परामर्श ले रहे हैं। अस्पतालों में इमरजेंसी सर्जरी जारी रखी गई है।
प्रदेश में एक तरफ सरकार ने कोविड कर्फ्यू में रियायतें देते हुए कई तरह की गतिविधियों को शुरू कर दिया है। वहीं जम्मू के प्रमुख अस्पतालों में ओपीडी सेवा और रूटीन सर्जरी के जल्द बहाल होने के अभी कोई आसार नहीं हैं।
विज्ञापन
जीएमसी जम्मू व एसोसिएटेड अस्पतालों की डीन व प्रिंसिपल डॉ. शशि सूदन शर्मा ने कहा कि जीएमसी समेत एसोसिएटेड अस्पतालों में कोरोना संक्रमित मरीजों का उपचार चल रहा है। प्रतिदिन मरीज भर्ती हो रहे हैं। डॉक्टर व पैरा मेडिकल स्टाफ व अन्य फ्रंटलाइन हेल्थ वर्कर्स कोविड ड्यूटी पर लगे हुए हैं। ऐसे में ओपीडी सेवाओं को बहाल करने का जोखिम अभी नहीं लिया जा सकता। इससे अन्य मरीजों को भी कोरोना संक्रमण हो सकता है। स्थिति जब सुधर जाएगी और कोरोना संक्रमण के मामले बहुत कम हो जाएंगे तो ओपीडी सेवा समेत रूटीन सर्जरी को खोलने पर फैसला लिया जा सकता है। वर्तमान में हालात अभी सुधरे नहीं हैं। ऐसे में ओपीडी सेवा को बहाल करने पर अभी कोई विचार नहीं किया जा रहा है।
उन्होंने लोगों से भी अपील की है कि वह कोरोना संक्रमण को नियंत्रित करने के लिए अपने घरों में ही रहें और बहुत जरूरी हो तभी घर से बाहर निकलें। लोग अगर घर से बाहर निकलते रहे तो कोरोना संक्रमण के मामले तेजी से बढ़ने की आशंका है। इससे अस्पतालों पर कोविड मरीजों का लोड बढ़ जाता है और कई तरह की चुनौतियां का सामना करना पड़ता है।