श्री अमरनाथ यात्रा के लिए हेलीकॉप्टर टिकट की ऑनलाइन बुकिंग एक मई से सुबह दस बजे से शुरू होगी। श्री अमरनाथ यात्रा श्राइन बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी उमंग नरुला के अनुसार बोर्ड ने नीलग्राथ (बालटाल)-पंजतरणी-बालटाल सेक्टर के लिए हेलीकॉप्टर सेवा के लिए एमएस ग्लोबल वेक्ट्रा हेलिकॉर्प लिमिटेड और एमएस हिमालयन हेली सर्विसेज लिमिटेड और पहलगाम-पंजतरणी-पहलगाम सेक्टर के लिए एमएस यू टेयर इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के साथ व्यवस्था की है।
एक मई 2019 से यात्री इन कंपनियों की वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन बुकिंग सुविधा का लाभ उठा सकते हैं। नीलग्राथ (बालटाल)-पंजतरणी-बालटाल सेक्टर के लिए एकतरफ का किराया 1804 रुपये प्रति यात्री निर्धारित किया गया है, जबकि पहलगाम-पंजतरणी मार्ग के लिए किराया 3104 रुपये रहेगा।
उमंग नरुला के अनुसार जो यात्री हेलीकॉप्टर से यात्रा करेंगे उन्हें एडवांस में रजिस्ट्रेशन करवाने की जरूरत नहीं होगी। उनकी हेलीकॉप्टर टिकटों को ही यात्रा पंजीकरण माना जाएगा। हालांकि हेलीकॉप्टर से यात्रा करने वाले यात्रियों को जरूरी एवं अनिवार्य रूप से संबंधित राज्य सरकारों की तरफ से अधिकृत डॉक्टर या स्वास्थ्य संस्थान से हेल्थ सर्टिफिकेट लिया होना चाहिए। ऐसा न होने पर हेलीकॉप्टर में यात्रियों को जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने यात्रियों को सलाह दी है कि वह अधिकृत हेलीकॉप्टर ऑपरेटरों या उनके अधिकृत एजेंटों से ही टिकट हासिल करें। ऐसे तत्वों से सावधान रहें, जो फर्जी टिकट की बिक्री कर सकते हैं। अधिकृत हेलीकॉप्टर ऑपरेटरों या उनके अधिकृत एजेंट की पूरी डिटेल एसएएसबी की वेबसाइट पर उपलब्ध है।