- 1.36 लाख की आनलाइन धोखाधड़ी में पुलिस ने 1.6 लाख रुपये की राशि लुटने से बचाई
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। आपके रिश्तेदार को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसे बचाना है तो 31 हजार रुपये भेजो, नहीं तो बाद में सुनवाई नहीं होगी। मोबाइल पर ये बात कहकर साइबर अपराधी खुद को पुलिस अधिकारी बता लोगों को ठग रहे हैं। डीपीओ साइबर सेल जम्मू में आए तीन अलग-अलग साइबर ठगी के मामलों में एक ऐसा मामला भी प्रकाश में आया है।
पुलिस के अनुसार एक साइबर ठग ने पीड़ित को कॉल किया। उसने कहा कि आपके रिश्तेदार को गिरफ्तार किया गया है। उसे जेल भेजने से बचाना है तो 31 हजार रुपये की ऑनलाइन पेमेंट करो। पीड़ित ने डर के कारण जैसे ही पैसे भेजे, इसके बाद साइबर अपराधी ने उसका नंबर ब्लॉक कर दिया। वहीं एक अन्य मामले में पीड़ित का मोबाइल फोन ट्रेन यात्रा के दौरान गुम गया। जब वह अगले दिन घर पहुंचा तो उसे पता चला की किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसके बैंक खाते से 33,333 रुपये निकाले हैं।
एक अन्य मामले में पीड़ित ने टेलीग्राम पर निवेश की पोस्ट देखी। इसके बाद जब उसने 71,800 रुपये का निवेश किया तो साइबर अपराधी ने पैसे देने से मना कर दिया। इन तीन अलग-अलग मामलों की शिकायत मिलने के बाद डीपीओ साइबर सेल जम्मू की टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए कुल 1,36,133 रुपये में से एक लाख छह हजार 533 रुपये की राशि लुटने से बचा ली। तीनों मामलों में पुलिस आगे की जांच कर रही है। ब्यूरो