कश्मीर के त्राल में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच बीती रात से जारी मुठभेड़ खत्म हो गई है। जानकारी के मुताबिक सेना के जवानों ने 2 आतंकियों को मार गिराया है। जम्मू कश्मीर पुलिस के महानिदेशक एसपी वैद के मुताबिक मारे गए आतंकियों में से एक आतंकी पाकिस्तानी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आतंकी मुठभेड़ में आतंकियों से लोहा लेते जम्मू कश्मीर का एक जवान शहीद हुआ है। शहीद जवान की पहचान कांस्टेबल मंजूर अहमद के रूप में हुई है। इसके साथ ही सेना के एक मेजर समेत केंद्रीय रिजर्व पुलिस फोर्स का एक जवान और जम्मू कश्मीर पुलिस का एक जवान भी घायल बताया जा रहा है।
गौरतलब है कि शनिवार को पुलवामा जिले के त्राल में सुरक्षाबलों को कुछ आतंकियों के छिपे होने की खबर मिली थी। जिस पर जम्मू-कश्मीर पुलिस के स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप, सीआरपीएफ और सेना ने इलाके को घेर लिया। इसी दौरान आतंकियों ने जवानों पर गोलीबारी शुरू कर दी थी।