जम्मू-कश्मीर के बारामूला जिले के सोपोर इलाके में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच शनिवार तड़के मुठभेड़ शुरू हुई। इस मुठभेड़ में दो आतंकी घिरे हुए थे जिसमें से एक को मार गिराया गया है। वहीं दूसरे आतंकी और सुरक्षाबलों के बीच अभी भी मुठभेड़ जारी है।
सोपोर के वारपोरा के मलमापनपोरा इलाके में शनिवार तड़के सुरक्षाबलों को आतंकियों के छुपे होने के इनपुट मिला जिसके बाद तलाशी अभियान चलाया गया। इस दौरान आतंकियों ने खुद को घिरा देख सुरक्षाबलों पर फायरिंग शुरू कर दी।
जवाबी कार्रवाई में सुरक्षाबलों ने एक आतंकी को मार गिराया। वहीं अभी भी मुठभेड़ जारी है। इस ऑपरेशन को सेना की 22 राष्ट्रीय राइफल्स, सीआरपीएफ और स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप अंजाम दे रहे हैं।
उधर गुरुवार को शोपियां जिले में देर रात आतंकियों और सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़ हुई थी। यह मुठभेड़ 17 घंटे से ज्यादा वक्त तक चली। मुठभेड़ में एक आतंकी को मार गिराया गया। वहीं सेना का एक जवान शहीद हुआ तो दो जवान घायल हुए।
शोपियां जिले के पांडुन्सन इलाके में सुरक्षाबलों को आतंकियों के छिपे होने की सूचना मिली थी, जिसके बाद गुरुवार देर रात एक बजे तलाशी अभियान चलाया गया था। इस दौरान सुरक्षाबलों पर आतंकियों ने खुद को घिरा देख फायरिंग शुरू कर दी। इस बीच सेना, सीआरपीएफ और एसओजी की टीम ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर ली।
इस मुठभेड़ में सेना का एक जवान शहीद हो गया। वहीं एक आतंकी भी मारा गया। वहीं बुधवार को शोपियां के बधरहामा क्षेत्र में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ हुई थी। इस दौरान आतंकी घटनास्थल से फरार हो गए थे।