जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले से पुलिस द्वारा एक आतंकी और उसके तीन मददगारों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार किए गए आतंकी की पहचान बारामुला के रहने वाले जियाज़ जावेद दर के रूप में हुई है। वहीं आतंकी द्वारा उसके साथियों के बारे में जानकारी मिलते ही उन तीनों को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। जिनकी पहचान शोपियां के रहने वाले जाहिद नज़ीर, उमेर यूसुफ और मुजफ्फर अहमद के रूप में हुई है। इन चारों को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है।
यह भी पढ़ें- जम्मू-कश्मीर: भक्तों ने लंबी कतारों में घंटों इंतजार के बाद किए मां बावे वाली के दर्शन, सुबह से रात तक गूंजे जयकारे
वहीं मंगलवार को जम्मू-कश्मीर में पुलिस को आतंकियों की सूचना मिलने पर बारामुला के हंदवाड़ा हाईवे पर कचलू चौराहे पर बीएसएफ द्वारा नाका लगाकर दो आतंकियों और अलबदर संगठन के तीन सहयोगियों को गिरफ्तार किया था। इस ऑपरेशन को हंदवाड़ा पुलिस, 32 आरआर और 92 बीएन ने मिलकर अंजाम दिया। नाके पर तलाशी के दौरान संदिग्ध अवस्था में मोटरसाइकिल पर सवार तीन व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया, जिन्होंने मौके से भागने की पूरी कोशिश की। इन व्यक्तियों की पहचान मोहम्मद यासीन राठर, शौकत अहमद गनई और नाबी राठर के रूप में हुई थी।