जम्मू कश्मीर के कुलगाम जिले में 15 जुलाई को एक पुलिस थाने पर हुए हमले में जख्मी हुए पुलिसकर्मी की एक आज यहां के एक अस्पताल में मौत हो गई। इसी के साथ कश्मीर में चल रही अशांति में मरने वालों की संख्या बढ़कर 46 हो गई है।
सिपाही मुदसिर अहमद घाटी में हिंसक संघर्षों में जान गंवाने वाले दूसरे पुलिसकर्मी हैं। बीती आठ जुलाई को हिजबुल कमांडर बुरहान वानी को एक मुठभेड़ में मार गिराने जाने के बाद घाटी में हिंसक झड़पों का सिलसिला शुरू हो गया था।
कुलगाम के यारीपोरा थाने में पर 15 जुलाई को भीड़ ने पथराव किया था। पथराव के दौरान संदिग्ध उग्रवादियों ने थाने पर एक ग्रेनेड फेंक दिया जिसमें अहमद सहित छह पुलिसकर्मी जख्मी हो गए थे।
अवंतिपोरा में शनिवार देर शाम हुई हिंसक झड़प में एक और प्रदर्शनकारी की मौत
- फोटो : PTI
कश्मीर के हालात धीरे-धीरे सुधरने लगे हैं। घाटी के चार जिलों और श्रीनगर के कुछ इलाकों से कर्फ्यू हटा लिया गया। हालांकि कुछ इलाकों की अभी स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। अवंतिपोरा में शनिवार देर शाम हुई हिंसक झड़प में एक और प्रदर्शनकारी की मौत हो गई।
वहीं श्रीनगर के कुछ इलाकों में पथराव के बाद आंसू गैस के गोले दागे गए। पुलिस के अनुसार श्रीनगर के करन नगर, रेक चौक व छानपोरा, गांदरबल के फतेहपोरा, बडगाम के चाडूरा, सोपोर के बोमई, पुलवामा के काकपोरा व तहाब, अनंतनाग के सिरगूफवारा और अवंतिपोरा के पडगामपोरा बाहू में पत्थरबाजी की घटनाएं हुईं।
अलगाववादियों ने 25 जुलाई को अनंतनाग के लाल चौक पहुंचने का नारा दिया है। अलगाववादी नेता सैयद अली शाह गिलानी, मीरवाइज उमर फारूक और यासीन मलिक ने घाटी के सभी जिलों से लोगों के अनंतनाग पहुंचने की अपील की है। ऐसे में हिंसा की आशंका में सुरक्षा व्यवस्था और सख्त की गई है।
अलगाववादियों ने किया अनंतनाग चलो का एलान
- फोटो : PTI
बांदीपोरा, बारामुला, बडगाम और गांदरबल जिले से कर्फ्यू हटाया गया है। यहां धारा 144 लागू है। पुलिस के अनुसार अनंतनाग, कुलगाम, कुपवाड़ा, पुलवामा तथा शोपियां जिले के साथ ही श्रीनगर के आठ थाना क्षेत्रों में कर्फ्यू जारी है।
इस बीच कर्फ्यू हटाए जाने के बाद श्रीनगर के कुछ इलाकों में हिंसक प्रदर्शन तथा पत्थरबाजी की घटनाएं हुईं। बटमालू में लोगों ने प्रदर्शन किए और सुरक्षा बलों पर पथराव किया। देश विरोधी नारेबाजी की। भीड़ को खदेड़ने के लिए सुरक्षा बलों ने आंसू गैस के गोले दागे।
घाटी में पिछले 15 दिनों से मोबाइल इंटरनेट तथा रेल सेवा ठप है। बीएसएनएल को छोड़कर शेष सभी कंपनियों की मोबाइल सेवाएं बंद हैं। हाईवे पर आवागमन भी बंद है। लगातार बंद की वजह से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है।