कश्मीर हिंसा के तहत मंगलवार की रात प्रदर्शनकारियों और सुरक्षा बलों के बीच हुई झड़प में एक की मौत हो गई।
मंगलवार को घाटी के कई इलाकों में हिंसक प्रदर्शन हुए। दक्षिणी कश्मीर के शोपियां जिले के इमाम साहिब इलाके में हिंसक प्रदर्शन में नौ लोग घायल हो गए।
इसके साथ ही कुपवाड़ा, बांदीपोरा और श्रीनगर शहर के पुराने इलाके में भी प्रदर्शन हुए। बांदीपोरा के मदार गांव के पास सुरक्षा बलों और प्रदर्शनकारियों के बीच भिड़ंत हुई। यहां जुलूस निकाल रहे युवाओं को सुरक्षा बलों ने रोका तो उन्होंने पत्थरबाजी शुरू कर दी। इस पर उन्हें तितर बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले दागे गए।
कई इलाकों में कर्फ्यू जारी
- फोटो : PTI
पांपोर और आसपास की महिलाओं ने सुरक्षा बलों के खिलाफ प्रदर्शन किया। कुलगाम जिले के टुंगडाना इलाके में काफी संख्या में लोगों ने एकत्र होकर मार्च निकाला। कुलगाम के सिरगूफवारा, बिजबिहाड़ा तथा अन्य इलाकों में भी प्रदर्शन हुए।
हाईकोर्ट बार एसोसिएशन ने मंगलवार को पेलेट गन के इस्तेमाल के खिलाफ प्रदर्शन किया। उन्होंने पूरे मामले में यूएन के हस्तक्षेप की मांग की।
कई इलाकों में कर्फ्यू, शेष जगह पाबंदियां
श्रीनगर के छह थाना क्षेत्रों नौहट्टा, खानयार, रैनावारी, सफाकदल, बटमालू व महाराजगुंज, अनंतनाग शहर, कोकरनाग और बारामुला के खानपोरा में कर्फ्यू है। घाटी के शेष इलाकों में कड़ी पाबंदियां हैं। चार या चार से अधिक लोगों के एकत्र होने पर रोक है। घाटी में अब भी इंटरनेट तथा रेल सेवा ठप है।