बडगाम के चरार-ए-शरीफ इलाके में सेना और आतंकवादियों के बीच मंगलवार को भी मुठभेड़ हुई। मुठभेड़ में सेना का एक जवान घायल हो गया है। जबकि जैश-ए-मोहम्मद का एक आतंकी मारा गया है। जम्मू-कश्मीर पुलिस ने जानकारी दी है कि मुठभेड़ स्थल से हथियार और गोला-बारूद भी बरामद किया गया है।
सोमवार शाम को इलाके में कुछ आतंकियों के छिपे होने की सूचना मिलने पर सुरक्षाबलों ने चरार-ए-शरीफ इलाके को घेर लिया था और आतंकियों की तलाश कर रहे थे। इसी दौरान मुठभेड़ में एक को ढेर किया गया है।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि कल शाम को अंधेरे के कारण ऑपरेशन को रोक दिया गया था। सुबह होते ही फिर से इसे शुरू किया गया। कल शुरुआती मुठभेड़ में एक जवान भी घायल हो गया था, जिन्हें बाद में 92 बेस अस्पताल में भर्ती कराया गया।
बताया गया कि चरार-ए-शरीफ इलाके में पुलिस, सेना और सीआरपीएफ द्वारा संयुक्त तलाशी अभियान चलाया जा रहा था। जिस जगह पर आतंकियों के छिपे होने की सूचना थी वहां पहुंचते ही आतंकियों ने सेना पर फायरिंग शुरू कर दी।
जवाबी कार्रवाई करते हुए संयुक्त टीम ने भी फायरिंग की, जिसमें एक आतंकी मारा गया।