आतंकियों के इशारे पर काम करने वाले दो युवकों को पुलिस ने शनिवार को गिरफ्तार कर हमले की बड़ी साजिश को नाकाम किया है। इनके पास से एक किलो आरडीएक्स बरामद किया गया है। पूछताछ में उन्होंने खुलासा किया कि जुमे की नमाज के बाद जामिया मस्जिद व नौहट्टा इलाके में ग्रेनेड हमले की योजना बनाई जा रही थी।
साथ ही दो ग्रेनेड हमलों की गुत्थी सुलझाने का भी दावा किया गया है। बरारीपोरा में वीरवार को हुए ग्रेनेड हमले की छानबीन कर रही पुलिस ने नौपोरा सफाकदल के बासित अहमद मलिक नामक एक संदिग्ध को दबोचा।
पूछताछ में उसने कबूल किया कि नूरबाग के रहने वाले अपने साथी आदिल कयूम नजार के साथ मिल कर श्रीनगर में हाल ही में दो ग्रेनेड हमलों को अंजाम दिया। इनमें से पहला हमला छत्ताबल और दूसरा हमला बरारीपोरा सफाकदल में हुआ था।
उससे एक चाइनीज ग्रेनेड भी बरामद हुआ। पूछताछ के दौरान बासित के बताने पर पुलिस ने आदिल कयूम नजार की गिरफ्तारी की। उसकी निशानदेही पर 1.2 किलोग्राम आरडीएक्स (कार्बन पेपर में लपेटी), डेटोनेटर और कुछ जिहादी सामग्री भी बरामद की गई। फिलहाल पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है।