जम्मू। आयकर विभाग ने वीरवार को 166वां आयकर दिवस मनाया। इस अवसर पर जम्मू शाखा के कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में उत्तर पश्चिम क्षेत्र की आयकर महानिदेशक वत्सला झा ने अधिकारियों को ईमानदारी, निष्ठा और पारदर्शिता से काम करने की सीख दी।
वत्सला झा ने कहा कि जम्मू-कश्मीर में करदाताओं की सेवा को प्राथमिकता देते हुए कर आधार बढ़ाने पर ध्यान देना होगा। उन्होंने अधिकारियों से अपेक्षा जताई कि वे आम लोगों में भरोसा पैदा करें और आयकर व्यवस्था को सरल और पारदर्शी बनाएं। कार्यक्रम में लुधियाना से प्रधान निदेशक आयकर जांच आशीष अबरोल और प्रधान आयकर आयुक्त केंद्रीय सर्किल मोहम्मद तारिक कलीम भी मौजूद रहे। दोनों ने अधिकारियों को निष्पक्ष और जिम्मेदारी से काम करने की प्रेरणा दी। इस दौरान जम्मू जांच शाखा के अतिरिक्त निदेशक आनंद स्वरूप और उप निदेशक सहित अन्य अधिकारी भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।