विधानसभा चुनावों का बिगुल फूंकने जम्मू आए भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के उमर सरकार पर लगाए गए संवेदनहीनता के आरोपों पर पूरी उमर सरकार तिलमिला उठी है।
मंगलवार को शाह के बयानों पर पलटवार करते हुए मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने उन्हें अपने गिरेहबान में झांकने की सलाह दे डाली। उमर ने कहा कि प्रदेश सरकार हर तरह से विस्थापितों के साथ है। उमर ने यह कहकर पलटवार किया कि हाल के दिनों में पांच-पांच केन्द्रीय मंत्री जम्मू आए लेकिन कोई भी सीमा पर नहीं गया। जबकि हमारे कई मंत्री सीमा पर जाकर हालात का जायजा ले चुके हैं।
गृह राज्यमंत्री सज्जाद अहमद किचलू ने भी भाजपा अध्यक्ष के बयान पर नाराजगी जताते हुए कहा कि प्रदेश सरकार पाक फायरिंग से विस्थापित होने वाले ग्रामीणों का पूरा ख्याल रख रही है। प्रशासन को उनका सहयोग करने के निर्देश दिए गए हैं। सरकार के कई मंत्री प्रभावित सीमांत क्षेत्रों का दौरा कर चुके हैं। सरकार विस्थापितों का पूरा ख्याल रख रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा नेता ऐसे संवेदनशील मुद्दे पर भी अपनी राजनीतिक रोटियां सेक रहे हैं।