राजनीतिक मतभेद के बावजूद नेकां के कार्यकारी अध्यक्ष उमर अब्दुल्ला ने दोकलम विवाद सुलझाने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बधाई दी। उमर ने ट्वीट कर कहा कि दोकलम पर पहले की स्थिति बनाए रखने की कूटनीतिक सफलता भारत के लिए बड़ी बात है।
इसके लिए प्रधानमंत्री मोदी ने सही में ही जीत हासिल की है। गौरतलब है कि चीन भूटान के इलाके दोकलम में सड़क बनाना चाहता था, जिसका भारत ने अपने सामरिक दृष्टिकोण से विरोध किया था। दोनों देशों के सैनिक कई बार उक्त स्थान पर उलझ भी चुके हैं।
इस विवाद पर गतिरोध खत्म होने के बाद देश के लाखों लोगों ने पीएम मोदी और भारतीय विदेश मंत्रालय को सोशल मीडिया पर अपने बधाई संदेश भेजे। इसके बाद कई घंटों तक सोशल मीडिया पर इससे जुड़े हैशटैग ट्रेंड होते रहे।