नेशनल कांफ्रेंस के उप-प्रधान व पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला सोमवार को पीडीपी अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती पर जमकर बरसे। उन्होंने कहा, चुनाव सामने देख पीडीपी अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती अपने ही साथियों को कूड़ा कचरा कहकर सियासत कर रही हैं। जब वह भाजपा की हां में हां मिला रही थीं तब उन्हें यह अल्फाज याद क्यों नहीं आए।
तब विधानसभा के भीतर और बाहर कहती थीं कि वाजपेयी कुछ नहीं थे, मोदी करिश्मा करेंगे। मुझे मोदी साहब, वाजपेयी साहब से बेहतर नजर आते हैं। आज कह रही हैं कि मोदी ने मौका गंवाया है।
शेर-ए-कश्मीर भवन में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि आज महबूबा कह रही हैं कि मेरी जो 2016 में सोच थी वह गलत थी। आज चुनाव करीब देख उन्हें ऐसी बातें क्यों याद आ गईं। नेकां ने कभी ऐसी सियासत नहीं की है। राज्य के खिलाफ साजिशें करने वाली ताकतों के खिलाफ लड़ा जाएगा।
भाजपा ने रियासत के लोगों से धोखा किया
पिछले साढ़े चार साल में किसी क्षेत्र का फायदा नहीं हुआ है। पीर पंजाल, चिनाब वैली, कश्मीर और लद्दाख में भाजपा के खिलाफ रोज बगावत हो रही है। कभी सांसद तो कभी काउंसलर भाजपा को छोड़कर जा रहे हैं। भाजपा ने राज्यवासियों के साथ सिर्फ धोखा किया है।
अवाम चुनाव का इंतजार कर रही है। झूठ और धोखे की बुनियाद का साथ देने को राज्यवासी तैयार नहीं हैं। लेनदेन के गठबंधन से अब राज्यवासी छुटकारा पाना चाहते हैं। उम्मीद है कि आगामी चुनाव में वह किसी एक दल को बहुमत देंगे। यूपी में भी 2002 के बाद गठबंधन सरकारें रही हैं, लेकिन नतीजे अच्छे नहीं निकल पाते हैं।
पीडीपी महासचिव और भद्रवाह काउंसिल के प्रधान हुए शामिल
शेर-ए-कश्मीर भवन में सोमवार को उमर की मौजूदगी में पीडीपी महासचिव व पूर्व आईएएस महबूब इकबाल और भद्रवाह म्यूनिसिपल काउंसिल के प्रधान डा. शाहिद मुगल नेकां में शामिल हुए। उमर ने उनका स्वागत करते हुए कहा कि इससे पार्टी को मजबूती मिलेगी। भद्रवाह में जल्द बड़ी जनसभा करके पार्टी अध्यक्ष डा. फारूक अब्दुल्ला को बुलाया जाएगा।