पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विधानसभा चुनाव में देरी करके चीन, पाकिस्तान के सामने आत्मसमर्पण कर दिया है। आंतरिक सुरक्षा को लेकर और आतंक के खिलाफ सख्त होने का दावा भाजपा कैसे कर सकती है।
गुरुवार को उमर अब्दुल्ला ने एक ट्वीट में केंद्रीय कानून मंत्री रविशंकर प्रसाद की राहुल गांधी पर की गई टिप्पणी पर भी निशाना साधा। उमर ने एक अन्य ट्वीट में कहा कि मंत्री जी आपकी सरकार ने 2017 में अनंतनाग उपचुनाव स्थगित कर दिया और अब आप विधानसभा चुनाव कराने में असफल रहे तो पाकिस्तान ने छोटी जीत हासिल की।
अगर कोई पाकिस्तान को जश्न मनाने का कारण दे रहा है तो वह राहुल गांधी नहीं हैं। बुधवार को चीन सरकार ने चौथी बार संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद द्वारा जैश-ए-मोहम्मद प्रमुख मसूद अजहर को ग्लोबल आतंकवादी के रूप में टैग करने की पहल को अवरुद्ध कर दिया।
उमर ने कहा कि पीएम मोदी ने अजहर पर चीन के सामने आत्मसमर्पण किया और जम्मू-कश्मीर में चुनाव में देरी करके पाकिस्तान और उसके निकट आत्मसमर्पण किया।