जम्मू। जम्मू-कश्मीर के पांच सरकारी मेडिकल कॉलेजों में यूटी कोटे की अतिरिक्त 161 एमबीबीएस सीटों के लिए ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया सोमवार को शुरू कर दी गई। इन सीटों पर प्रवेश के इच्छुक जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के अभ्यर्थी कल 10 सितंबर को शाम चार बजे तक रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं।
जम्मू-कश्मीर बोर्ड ऑफ प्रोफेशनल एंट्रेंस एग्जाम यानी जेकेबीओपीईई के परीक्षा नियंत्रक प्रो. गुरविंदर राज वर्मा के अनुसार इस प्रक्रिया में केवल वे ही अभ्यर्थी हिस्सा ले सकेंगे, जिन्होंने नेशनल एलिजिबिलिटी कम एंट्रेंस टेस्ट यानी नीट-यूजी 2025 उत्तीर्ण किया है और नेशनल टेस्टिंग एजेंसी यानी एनटीए की ओर से निर्धारित कट-ऑफ अंक प्राप्त किए हैं। साथ ही यह अनिवार्य किया गया है कि उनका नाम पूर्व में घोषित प्रोविजनल मेरिट लिस्ट में न हो।
अभ्यर्थियों को रजिस्ट्रेशन के लिए अपने दस्तावेजों के साथ जम्मू या श्रीनगर स्थित जेकेपीओपीईई कार्यालय में व्यक्तिगत रूप से हाजिर होना होगा। जिन अभ्यर्थियों का पंजीकरण पहले हो चुका है, उन्हें दोबारा रजिस्ट्रेशन कराने की आवश्यकता नहीं है। अभ्यर्थी इस संबंध में अधिक जानकारी बोर्ड की वेबसाइट www.jkbopee.gov.in से ले सकते हैं।
रजिस्ट्रेशन को ये दस्तावेज जरूरी... नीट-यूजी स्कोर कार्ड, 10+2 की अंक तालिका, जम्मू-कश्मीर/लद्दाख का निवास प्रमाण पत्र।