बांदीपोरा। मुख्य सचिव अटल डुल्लू ने शनिवार को बांदीपोरा जिला समीक्षा करते हुए जिले में चल रहे विकास कार्यों और केंद्र प्रायोजित तथा केंद्र शासित प्रदेशों की योजनाओं की स्थिति का मूल्यांकन किया। मिनी सचिवालय में आयोजित बैठक में उन्होंने बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, बागवानी और पर्यटन जैसे विभागों में मिशन मोड पर काम करने पर जोर दिया। अधिकारियों को बराबर निगरानी को करने को कहा। बैठक में उपायुक्त ने बांदीपोरा जिला अस्पताल में मानव संसाधन और बुनियादी ढांचे में वृद्धि की आवश्यकता और सुम्बल-बांदीपोरा खंड के सड़क चौड़ीकरण सहित कई प्रमुख मुद्दों पर प्रकाश डाला।
मुख्य सचिव ने विभागीय समन्वय में सुधार, लंबित अनुमानों को समय पर प्रस्तुत करने और कार्यान्वयन संबंधी बाधाओं, विशेष रूप से जिले के दूरस्थ और दुर्गम इलाकों में, को दूर करने के लिए सक्रिय कदम उठाने को कहा। मुदायिक भागीदारी के महत्व पर ज़ोर देते हुए परियोजना निष्पादन में पारदर्शिता, गुणवत्ता नियंत्रण और सार्वजनिक जवाबदेही का सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया। इस दौरान उन्होंने ट्रेड यूनियनों, आदिवासी प्रतिनिधियों और युवा समूहों के प्रतिनिधिमंडलों से बातचीत कर उनकी शिकायतों और विकास संबंधी चिंताओं के समयबद्ध समाधान का आश्वासन दिया।
मुख्य सचिव ने उपायुक्त मंजूर अहमद कादरी के साथ लगाए गए विभिन्न विभागीय स्टालों का निरीक्षण किया। बैठक में मुख्य योजना अधिकारी, आरएंडबी, पीएचई, पीडीडी के कार्यकारी अभियंता और पर्यटन, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, बागवानी, समाज कल्याण, एसएसपी हरमीत सिंह और ग्रामीण विकास विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।