जम्मू-कश्मीर में आई आपदा का दर्द विदेशों में बैठे एनआरआई भी समझ रहे हैं। तभी आस्ट्रिया में बैठे एनआरआई ने भारी मात्रा में राहत सामग्री बाढ़ पीडि़तों के लिए भेजी है। मूल रूप से रियासत के निवासी और वर्तमान में आस्ट्रिया में रह रहे कैप्टन मनजीत सिंह औलख और ज्ञानी जीवन सिंह ने ‘अमर उजाला फाउंडेशन’ से संपर्क किया और पीडि़तों के लिए सामग्री भेजने का प्रस्ताव दिया।
जम्मू में अपने रिश्तेदारों के मार्फत एनआरआई ने 25-25 किलो के आटे और चावल की बोरियां के अलावा दाल, चीनी, हल्दी, मिर्च, मसाला, चाय पत्ती, नमक, मिल्क पाउडर और कंबल भेजे। कैप्टन मनजीत सिंह के अनुसार टीवी में भीषण बाढ़ की खबरें पढ़ने के बाद बाढ़ में फंसे अपने मुल्क के लोगों की मदद करने का विचार आया।
चूंकि विदेश से तत्काल देश पहुंचाना मुमकिन न होने के कारण उन्होंने राहत सामग्री भेजने का फैसला लिया। उक्त राहत सामग्री जम्मू में रहने वाली उनकी रिश्तेदार सिकंदर कौर ने ‘अमर उजाला’ कार्यालय में पहुंचाई।