बोर्ड आफ प्रोफेशनल एंट्रेंस एग्जामिनेशन (बीओपीईई) की ओर से मेडिकल और इंजीनियरिंग सीटों के लिए करवाए कामन एंट्रेंस टेस्ट (सीईटी) के दूसरे दिन रविवार को बायोलाजी और मैथ का पेपर हुआ।
टेस्ट के लिए दोनों संभागों में बनाए परीक्षा केंद्रों में विद्यार्थियों ने परीक्षा दी। रविवार को सुबह मौसम ने भी साथ दिया। सुबह के समय हुई हलकी बूंदाबांदी के चलते दोपहर तक गर्मी से थोड़ी राहत रही।
जम्मू शहर और आसपास के क्षेत्र में स्थित कालेजों और स्कूलों में बनाए परीक्षा केंद्रों में सुबह विद्यार्थियों का पहुंचना शुरू हो गया था। सीईटी के दूसरे दिन दो शिफ्टों में परीक्षाएं करवाई गईं। सुबह के ग्यारह से बारह बजे के शिफ्ट के दौरान बायोलाजी का पेपर लिया गया। इसके बाद दोपहर दो बजे से लेकर तीन बजे के दौरान मैथ का पेपर लिया गया।
गवर्नमेंट एमएएम कालेज और जम्मू यूनिवर्सिटी के अलावा अन्य कालेजों में सीईटी के लिए परीक्षा केंद्रों को स्थापित किया गया था। सुबह से ही परीक्षा केंद्रों में गाड़ियों से लेकर दोपहिया वाहनों की लंबी कतारें देखने को मिलीं, जिसमें अभिभावक अपने बच्चों का मनोबल बढ़ाने के लिए उनके साथ परीक्षा केंद्रों में पहुंचे हुए थे।
इसके साथ ही कई सारे स्थानीय और बाहरी राज्यों के प्रोफेशनल कालेजों के सदस्य विद्यार्थियों के अभिभावकों को अपने विज्ञापन दिखाने में व्यस्त नजर आए। बीओपीईई के कंट्रोलर प्रो. फारूख अहमद मीर ने बताया कि कश्मीर संभाग में स्थापित 27 परीक्षा केंद्रों में बायोलाजी विषय के 12781 विद्यार्थियों में से करीब 12015 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी।
इसके साथ ही मैथ विषय में 8601 विद्यार्थियों में से 7580 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी। वहीं दूसरी ओर जम्मू संभाग में स्थापित 20 परीक्षा केंद्रों में बायोलाजी विषय में 7536 विद्यार्थियों में से 7006 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी। इसके साथ ही मैथ विषय में 7181 विद्यार्थियों में से 6179 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी।
उन्होंने बताया कि कश्मीर संभाग में बायोलाजी विषय की परीक्षा के दौरान 766 और मैथ विषय की परीक्षा के दौरान 1021 विद्यार्थी गैर हाजिर रहे। इसके साथ ही जम्मू संभाग में बायोलाजी विषय के दौरान 530 जबकि मैथ विषय की परीक्षा के दौरान 1002 विद्यार्थी गैर हाजिर रहे थे।