रियासत
में शिक्षकों का हर दो साल में तबादला होगा और पारदर्शी तबादला नीति से
तबादलों का बाजार बंद होगा। विधान परिषद में मंगलवार को पीडीपी सदस्य
फिरदोस टाक के सवाल के जवाब में शिक्षा मंत्री नईम अख्तर ने यह खुलासा
किया। शिक्षा मंत्री ने कहा कि शिक्षा विभाग में अब तक कोई शिक्षक 15 से
बीस साल में एक ही स्कूल में तैनात है और कोई एक या दो साल में ही बदल दिया
जाता है।
इससे सरकारी स्कूलों में शिक्षा का स्तर ऊपर उठाने में
दिक्कत होती रही है। उन्होंने कहा कि तबादलों के लिए शिक्षक मुख्य शिक्षा
अधिकारियों से लेकर निदेशक कार्यालय में चक्कर लगाते रहते हैं और बच्चों की
पढ़ाई की तरफ ध्यान नहीं रहता। उन्होंने प्रयास किया है कि शिक्षकों को
मुख्य शिक्षा अधिकारियों या निदेशक के कार्यालय का तबादलों के लिए चक्कर न
लगाना पड़े।