कश्मीर तक सीधी ट्रेन सुविधा शुरू होने की तैयारियों के बीच जम्मू के व्यापारी व्यापार में संभावित असंतुलन को लेकर चिंतित हैं। चुनावी माहौल में व्यापारियों ने इस मुद्दे पर राजनीतिक संरक्षण की मांग की है। उनका कहना है कि नई सरकार को पहले जम्मू में पर्यटकों के ठहराव के लिए ठोस योजना तैयार करनी चाहिए और व्यापारिक गतिविधियों को सुरक्षित रखने के लिए रणनीति बनानी चाहिए।
ट्रेन की नई सुविधा से व्यापारियों के मन में व्यापारिक असंतुलन की आशंका पैदा हो गई है। उनका मानना है कि सीधी ट्रेन से कश्मीर तक पहुंचने से देशभर से आने वाला सामान सीधे कश्मीर जाएगा। जिससे जम्मू का लॉजिस्टिक हब की पहचान संकट में पड़ सकती है। खासकर टैक्सी ऑपरेटरों और ट्रांसपोर्टरों को इस बदलाव से बड़ा नुकसान होने का डर है। वर्तमान में पर्यटक जम्मू से होते हुए कश्मीर जाते हैं। लेकिन सीधी ट्रेन से यात्रा की सुविधा मिलने पर यह संख्या घट सकती है। जिससे टैक्सी ऑपरेटरों को काम की कमी का सामना करना पड़ सकता है।
हालांकि, कश्मीर तक ट्रेन की सुविधा से देशभर के व्यापारियों को भी राहत मिलेगी। इससे न केवल परिवहन लागत में कमी आएगी बल्कि सेब बेल्ट के लिए भी यह बड़ी सौगात साबित होगी। वर्तमान में कश्मीर से सेब का परिवहन बेहद कठिन होता है। लेकिन रेल सुविधा के चलते सेब को जल्दी और सुरक्षित तरीके से अन्य राज्यों तक पहुंचाया जा सकेगा।