14 अप्रैल से 31 मई तक पंजीकरण होगा, पहले आओ पहले पाओ के आधार पर मिलेगी सुविधा
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। श्री अमरनाथ यात्रा 2025 में आम यात्रियों के अलावा एक साथ 30 यात्री समूह पंजीकरण करवा सकेंगे। 14 अप्रैल से 31 मई तक समूह पंजीकृत वाले यात्रियों को पहले आओ पहले पाओ के आधार पर पंजीकरण की सुविधा मिलेगी। इसमें पांच या इससे अधिक यात्रियों को समूह में पंजीकरण करवाने का प्रावधान होगा।
समूह पंजीकरण के लिए मुख्य कार्यकारी अधिकारी, श्री अमरनाथ जी श्राइन बोर्ड, दूसरा तल, ब्लाक 3, इंजीनियरिंग कांप्लेक्स, राजबाग श्रीनगर में पोस्ट के माध्यम से आवेदन लिए जाएंगे। समूह पंजीकरण के लिए 20 मई तक पोस्ट के माध्यम से आवेदन फार्म लिए जाएंगे। इसमें समूह का एक सदस्य ग्रुप लीडर के तौर पर अन्य सदस्यों को पंजीकृत करवा सकता है। पंजीकरण के लिए अनिवार्य स्वास्थ्य प्रमाणपत्र जरूरी होगा। प्रत्येक यात्री के लिए 250 पंजीकरण शुल्क लिया जाएगा। समूह पंजीकरण के लिए 13 साल से नीचे, 70 से अधिक आयु वाले और छह माह से गर्भवती महिलाएं योग्य नहीं होंगी। 1 से 5 सदस्यों तक 50 रुपये पोस्टल शुल्क लिया जाएगा। इसी तरह 6 से 10 सदस्यों तक 100 रुपये, 11 से 15 सदस्यों तक 150 रुपये, 16 से 20 सदस्यों तक 200 रुपये, 21 से 25 सदस्यों तक 250 रुपये और 26 से 30 सदस्यों तक 300 रुपये पोस्टल शुल्क लिया जाएगा।
बाक्स
सीएचसी के लिए प्रदेश के बीस जिलों के चिकित्सा केंद्रों में सैकड़ों डाॅक्टर नामित
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। श्री अमरनाथ यात्रा के लिए अनिवार्य स्वास्थ्य प्रमाणपत्र (सीएचसी) बनवाने को कश्मीर संभाग के जिला अनंतनाग, बडगाम, गांदरबल, बांदीपोरा, बारामुला, कुपवाड़ा, कुलगाम, पुलवामा, शोपियां और श्रीनगर के चिकित्सा केंद्रों में 75 डाक्टरों को नामित किया गया है। इसी तरह जम्मू संभाग में डोडा, जम्मू जिला के गांधीनगर अस्पताल जम्मू, सरवाल अस्पताल जम्मू, सरकारी राजीव गांधीनगर अस्पताल, एसडीएच जगती, ब्लाक मेडिकल कार्यालय अखनूर, ब्लाक मेडिकल कार्यालय बिश्नाह, ब्लाक मेडिकल कार्यालय चौकी चौरा, ब्लाक मेडिकल कार्यालय डंसाल, ब्लाक मेडिकल कार्यालय सुआजना, ब्लाक मेडिकल कार्यालय प्लांवाला, ब्लाक मेडिकल कार्यालय कोट भलवाल, ब्लाक मेडिकल कार्यालय मढ़, ब्लाक मेडिकल कार्यालय आरएस पुरा में डाक्टरों को नामित किया गया है। इसके अलावा जिला कठुआ, किश्तवाड़, पुंछ, राजोरी, रामबन, रियासी, सांबा, उधमपुर के चिकित्सा केंद्रों में डाक्टरों को नामित किया गया है। ब्यूरो